गढ़वा में बड़े पैमाने पर होटल छापेमारी: 14 जोड़े युवक-युवतियां बरामद, तीन होटल सील

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिला मुख्यालय में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के कई नामी होटलों में बड़ी छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान 14 जोड़े युवक-युवतियों को बिना एंट्री होटल में ठहरे हुए बरामद किया गया, जबकि तीन होटलों को नियमों के उल्लंघन के आरोप में सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद शहर के होटल संचालकों के बीच हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना के बाद प्रशासन ने बनाई टीम

मिली जानकारी के अनुसार गढ़वा सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के कुछ होटलों में बिना पहचान पत्र और बिना एंट्री के कमरे दिए जा रहे हैं। पुलिस को संदेह हुआ कि इन होटलों में अवैध गतिविधियां संचालित हो सकती हैं।सूचना के आधार पर मामले की जानकारी प्रशासन को दी गई, जिसके बाद एसडीएम और एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में डीएसपी मुख्यालय, सीओ, दो इंस्पेक्टर और भारी पुलिस बल शामिल थे।

चार होटलों में हुई छापेमारी

प्रशासनिक टीम ने शहर के चार होटलों में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान एक होटल से आठ जोड़े युवक-युवतियों को दरवाजा तोड़कर पकड़ा गया, जबकि रंका रोड स्थित दानरो नदी पुल के पास एक होटल से तीन जोड़े बरामद किए गए।इस प्रकार कुल 14 जोड़े लड़का-लड़की को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना ले जाया। बरामद लोगों के पास से कुछ अवांछित सामान भी मिलने की बात सामने आई है।

कुछ नाबालिग होने की आशंका

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार बरामद किए गए युवक-युवतियों में कुछ के नाबालिग होने की भी आशंका जताई जा रही है। सभी की उम्र और पहचान की जांच की जा रही है।

तीन होटल सील, कर्मचारियों से पूछताछ

छापेमारी के दौरान नियमों के उल्लंघन और बिना दस्तावेज एंट्री के कमरा देने के आरोप में तीन होटलों को सील कर दिया गया। होटल के कर्मचारियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जांच के बाद दर्ज होगी प्राथमिकी

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के होटलों में बिना कागजात एंट्री के कमरे दिए जा रहे हैं, जिससे अवैध गतिविधियों की आशंका बनी हुई थी। छापेमारी के दौरान कई युवक-युवतियों को बरामद किया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

जमशेदपुर: साकची के अग्रवाल बुक स्टोर के पास सब्जी विक्रेता पर चापड़ से हमला, पुरानी रंजिश में ‘शुभम’ ने किया वार

जमशेदपुर: छोटा गोविंदपुर एलआईजी हाउसिंग कॉलोनी के 70 परिवारों को मकान खाली करने का नोटिस, लोगों में हड़कंप