पोटका/कोवाली : सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम की सीमा पर स्थित कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर-तिरिंग (ओडिशा) मुख्य पथ पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। हल्दीपोखर नागा नदी के समीप एक अनियंत्रित हाइवा ने कार को रगड़ दिया, जिससे कार में सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, हाइवा (JH 05 AC 0707) और कार (JH 05 EC 8996) दोनों हल्दीपोखर से ओडिशा की ओर जा रहे थे।नागा नदी के पास कार चालक हाइवा को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान हाइवा ने कार को पास न देकर उसे किनारे से रगड़ दिया।हाइवा की जोरदार रगड़ से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार बिट्टू सहित छह लोगों को चोटें आईं, जिनमें से तीन को मामूली चोट लगी है।
स्कूटी को टक्कर मार पलट गया हाइवा
कार को टक्कर मारने के बाद भी हाइवा चालक नियंत्रण नहीं रख सका। भागने के प्रयास में अनियंत्रित हाइवा ने सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी और फिर बीच सड़क पर ही पलट गया। गनीमत रही कि स्कूटी पर उस वक्त कोई सवार नहीं था, अन्यथा जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
पुलिस ने घायलों को भेजा अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना के सब इंस्पेक्टर सिदो मुर्मू दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल जमशेदपुर भेजा गया है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की छानबीन जारी है।
“सड़क दुर्घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हाइवा और कार दोनों को कब्जे में लिया जा रहा है।” — सिदो मुर्मू, सब इंस्पेक्टर, कोवाली थाना
