सरायकेला। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के टांगरानी गांव के समीप शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब फ्लाइश (राख) से लदा 12 चक्का हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना शाम करीब 7 बजे राजनगर–कुनाबेड़ा मार्ग पर टांगरानी गांव के पास हुई।बताया जा रहा है कि हाईवा वाहन बैक किया जा रहा था, उसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। इस दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
ग्रामीणों ने चालक को सुरक्षित बाहर निकाला
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हाईवा में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।हालांकि ग्रामीणों की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
फ्लाइश लदे वाहनों से सड़क और पर्यावरण पर पड़ रहा असर
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में फ्लाइश (राख) लदे हाईवा वाहनों का आवागमन होता है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क की हालत भी खराब होती जा रही है।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि वाहनों से उड़ने वाली राख के कारण आसपास के लोगों को सांस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
लगातार हो रही घटनाओं और पर्यावरणीय समस्याओं को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और परिवहन कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस दिशा में कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और पर्यावरणीय जोखिम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
