सरायकेला: सरायकेला नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सभी 11 वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को जिला समाहरणालय सभागार में गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ।समारोह में उपायुक्त सह जिला निर्वाची पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ कार्यक्रम
इस अवसर पर डीआरडीए के निदेशक सह निर्वाची पदाधिकारी अजय कुमार तिर्की , सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन और राजनगर बीडीओ मलय कुमा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।इन अधिकारियों ने संयुक्त रूप से चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराया और जनप्रतिनिधियों को उनके दायित्वों की शपथ दिलाई।
उपायुक्त ने दी विकास कार्यों पर ध्यान देने की सलाह
शपथ ग्रहण के बाद उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि वे जनभावनाओं के अनुरूप नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरें।
साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा फोकस
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने भी नगर के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।उन्होंने विशेष रूप से शहर की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुधारने पर जोर दिया।
