सरायकेला: खरकाई नदी के चेक डैम में डूबने से दो छात्रों की मौत; दोनों थे इकलौते बेटे, स्कूल से भागकर नहाने गए थे आसंगी

आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसंगी में खरकाई नदी पर बने चेक डैम में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ नहाने के दौरान सेंट्रल पब्लिक स्कूल के नौवीं कक्षा के दो छात्र गहराई में चले गए और डूबने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोडविन थॉमस और रौनक भारद्वाज के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

स्कूल बंक कर पहुँचे थे चेक डैम

जानकारी के अनुसार, सेंट्रल पब्लिक स्कूल के तीन छात्र—गोडविन थॉमस, रौनक भारद्वाज और प्रशांत कुमार स्कूल से भागकर दोपहर के समय आसंगी चेक डैम पहुँचे थे। रौनक और गोडविन ने नहाने के लिए पानी में छलांग लगाई, लेकिन पानी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण वे खुद को संभाल नहीं पाए और डूबने लगे। साथ में मौजूद तीसरे छात्र प्रशांत कुमार ने अपने दोस्तों को डूबता देख शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन जब तक लोग पहुँचते, दोनों पानी में ओझल हो चुके थे।

रेस्क्यू ऑपरेशन: स्थानीय लोगों की मदद से बरामद हुए शव

प्रशांत की सूचना पर आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद पहले रौनक भारद्वाज और फिर गोडविन थॉमस का शव बरामद किया गया। हालांकि, स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी देखी गई कि पुलिस और रेस्क्यू टीम घटना के करीब एक घंटे बाद सक्रिय हुई।

बुझ गया दो परिवारों का ‘इकलौता चिराग’

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि गोडविन और रौनक दोनों ही अपने-अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। रौनक भारद्वाज का परिवार आदित्यपुर कॉलोनी रोड नंबर 11 में रहता है, जबकि गोडविन थॉमस का परिवार रोड नंबर 27 का निवासी है।घटनास्थल पर पहुँचे आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे एक अत्यंत मार्मिक घटना बताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

प्रशासन की चेतावनी: चेक डैम और नदियों से रहें सावधान

यह हादसा एक बार फिर चेक डैम जैसे असुरक्षित स्थानों पर सुरक्षा के अभाव और किशोरों में बढ़ते जोखिम की ओर इशारा करता है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें, विशेषकर गर्मी के मौसम में उन्हें नदी या जलाशयों की ओर अकेले न जाने दें।

More From Author

जमशेदपुर: डीसी ऑफिस में शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन; 50 लाख मुआवजे की मांग, पुलिस के साथ तीखी झड़प और धक्का-मुक्की

भुइयांडीह में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम