कोल्हान के विकास के लिए सिंहभूम चैंबर की बड़ी पहल: धालभूमगढ़ एयरपोर्ट और बंद रजिस्ट्री समेत 4 मुद्दों पर सीएम से मुलाकात

रांची:सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। नवनिर्मित विधानसभा भवन में हुई इस मुलाकात के दौरान कोल्हान के औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे और व्यापारिक बाधाओं को दूर करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे गए।चैंबर ने मुख्यमंत्री का ध्यान पिछले छह वर्षों से लंबित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना की ओर आकर्षित किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एयरपोर्ट शुरू होने से कोल्हान में निवेश और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वे व्यक्तिगत रूप से इस प्रोजेक्ट की निगरानी कर रहे हैं और जल्द ही इसमें ठोस प्रगति दिखेगी।

टाटा कमांड एरिया में बंद रजिस्ट्री का मुद्दा

जमशेदपुर के विकास में सबसे बड़ी बाधा टाटा स्टील के कमांड एरिया में पिछले 10 वर्षों से बंद पड़ी रजिस्ट्री है। चैंबर ने बताया कि रजिस्ट्री बंद होने से रियल एस्टेट सेक्टर और शहरी विस्तार पूरी तरह ठप हो गया है। सरकार से इस समस्या के तत्काल समाधान का अनुरोध किया गया।

जियाडा’ को मिले भूमि अधिग्रहण की शक्ति

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि (जियाडा) को कर्नाटक और महाराष्ट्र की तर्ज पर भूमि अधिग्रहण का अधिकार दिया जाए। वर्तमान में भूमि बैंक की कमी के कारण एमएसएमई सेक्टर के उद्योगों को जमीन मिलने में कठिनाई हो रही है।

लैंड रिकॉर्ड्स से हटे ‘बिहार सरकार’ का नाम

एक तकनीकी लेकिन गंभीर मुद्दा उठाते हुए चैंबर ने बताया कि जुगसलाई, मानगो और कई क्षेत्रों के रिकॉर्ड में अब भी ‘बिहार सरकार’ दर्ज है। इसे बदलकर ‘झारखंड सरकार’ करने के लिए व्यापक भूमि सर्वेक्षण और सुधार की मांग की गई है।

मुख्य सचिव से गैस किल्लत पर चर्चा

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव अविनाश कुमार से भी मुलाकात की और जमशेदपुर-आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में वाणिज्यिक एलपीजी की भारी किल्लत का मुद्दा उठाया। इससे उद्योगों के उत्पादन पर बुरा असर पड़ रहा है।

विधानसभा की कार्यवाही के साक्षी बने उद्यमी

विधायक सरयू राय के साथ प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड विधानसभा की कार्यवाही भी देखी। इस दौरान उन्होंने वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, विधायक पूर्णिमा साहू, समीर मोहंती और सोमेश सोरेन से भी मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की। “मुख्यमंत्री और अधिकारियों का रुख काफी सकारात्मक रहा। हमें विश्वास है कि इन मुद्दों के हल होने से जमशेदपुर और कोल्हान के व्यापार और उद्योग को नया प्रोत्साहन मिलेगा।” मानव केडिया, अध्यक्ष, सिंहभूम चैंबर

प्रतिनिधिमंडल में मौजूद शामिल सदस्य:

इस प्रतिनिधि मंडल में मानद महासचिव पुनीत काउंटिया, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बांकरेवाल, सचिव विनोद शर्मा और अंशुल रिंगासिया मौजूद रहे।

More From Author

जमशेदपुर एफसी और इंटर काशी के बीच आज ‘डबल हेडर’ मुकाबला, फ्लैटलेट्स ग्राउंड पर भिड़ेंगी युवा टीमें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *