जमशेदपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 100 दिन के काउंटडाउन पर विशेष कार्यक्रम, 13 अप्रैल को जागरूकता कार्यशाला

जमशेदपुर : भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशानुसार, इक्रिया योग एसोसिएशन झारखंड राज्य समिति द्वारा आगामी 13 अप्रैल 2026 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 100 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम के तहत एक भव्य आयोजन किया जाएगा। 13 अप्रैल को इस राष्ट्रव्यापी उल्टी गिनती का 69वां दिन होगा, जिसे लेकर शहर के योग प्रेमियों में भारी उत्साह है।

“योग: कल्याण, ज्ञान और विश्व शांति के लिए”

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को एक व्यापक वैश्विक संदेश के साथ मनाया जा रहा है। जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. इला कुमार के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।

खरकई ऑडिटोरियम में मुख्य आयोजन

कार्यक्रम का मुख्य केंद्र जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का बिष्टुपुर कैंपस होगा। दोपहर 3 बजे से बिष्टुपुर कैंपस स्थित खरकई ऑडिटोरियम में योग पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन होगा। इसमें योग के लाभ और इसके वैज्ञानिक पहलुओं पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी। यह आयोजन मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान के सहयोग से किया जा रहा है।

सुबह के सत्र और विभिन्न केंद्र

योग के व्यावहारिक अभ्यास के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रातःकालीन सत्र आयोजित किए जाएंगे। सुबह 7 बजे से 8 बजे तक योगासन, प्राणायाम और ध्यान सामूहिक अभ्यास विश्वविद्यालय परिसर राम कृष्णा मिशन इंग्लिश स्कूल सिदगोड़ा एवं अन्य राम कृष्णा मिशन स्कूल,गायत्री मंदिर और पतंजलि लिविंग योग हॉल में आयोजित होगा।

सभी के लिए निःशुल्क प्रवेश

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस कार्यक्रम में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और छात्राओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की है। इसके साथ ही, प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्यक्रम आम जनता के लिए भी खुला है। कोई भी योग प्रेमी इन केंद्रों पर पहुँचकर निःशुल्क भाग ले सकता है और योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की शपथ ले सकता है।

More From Author

जमशेदपुर: अपराध और नशे के जाल में घिरता शहर, युवा कांग्रेस ने विधि-व्यवस्था पर जताई चिंता

जमशेदपुर: असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ साकची थाना में शिकायत; राहुल गांधी पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, एफआईआर की मांग