टाटानगर: रेलवे में ‘डिजिटल क्रांति’, जीएम अनिल मिश्रा ने किया आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन; XLRI सिखाएगा रेलकर्मियों को AI और साइबर सुरक्षा

जमशेदपुर (टाटानगर): भारतीय रेलवे को आधुनिक और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ा। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल मिश्रा ने टाटानगर के बागबेड़ा क्षेत्र में नवनिर्मित ‘बहुविषयक मंडल प्रशिक्षण संस्थान’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम सहित कई वरीय रेल पदाधिकारी उपस्थित थे।

XLRI के साथ ‘ऐतिहासिक’ समझौता: AI और डेटा एनालिटिक्स की मिलेगी ट्रेनिंग


इस प्रशिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी विशेषता इसका जमशेदपुर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान XLRI के साथ हुआ एमओयू है।पहली बार रेल कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस , साइबर सुरक्षा और डेटा एनालिटिक्स जैसे भविष्योन्मुखी विषयों में XLRI के विशेषज्ञों द्वारा उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा। जीएम अनिल मिश्रा ने बताया कि बदलती तकनीक के दौर में रेलकर्मियों का डिजिटल रूप से दक्ष होना अनिवार्य है, ताकि रेल परिचालन और अधिक सुरक्षित व सुव्यवस्थित हो सके।

एक ही छत के नीचे सभी विभागों का प्रशिक्षण

पुराने रेलवे स्कूल भवन को अत्याधुनिक स्वरूप देकर तैयार किए गए इस केंद्र में इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन विभागों के कर्मचारियों को एक साथ प्रशिक्षण मिलेगा।नए रेलकर्मियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर लैब और डिजिटल लर्निंग की सुविधा। शंटिंग पॉइंट, क्रॉसिंग, ट्रैक सिस्टम और मॉडल बोगी के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण की व्यवस्था।रेल मंत्रालय की योजना के तहत देश के सभी मंडलों में ऐसे आधुनिक केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

टाटानगर स्टेशन का कायाकल्प और नई रेल लाइनें

उद्घाटन के पश्चात मीडिया से बात करते हुए जीएम अनिल मिश्रा ने टाटानगर और आसपास के क्षेत्रों के लिए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की जानकारी साझा की टाटानगर रेलवे स्टेशन का विश्वस्तरीय पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहा है। अगले ढाई वर्षों में स्टेशन की भव्य नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो जाएगी।दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत खड़गपुर से हावड़ा तथा चांडिल से गम्हरिया के बीच चौथी रेल लाइन को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिल गई है, जिससे ट्रेनों की रफ्तार और संख्या में बढ़ोतरी होगी।

More From Author

सरायकेला में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: भू-अर्जन विभाग के बड़ा बाबू प्रीतम आचार्य रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार