धनबाद स्टेशन पर आरपीएफ ने गंगा दामोदर एक्सप्रेस से भारी मात्रा में बीयर और विदेशी शराब की ज़ब्त ,बंगाल से बिहार भेजी जा रही थी खेप

धनबाद : रेलवे सुरक्षा बल ने धनबाद रेलवे स्टेशन पर शराब तस्करों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान आरपीएफ टास्क टीम ने लावारिस बैगों से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद की है। यह कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के दिशा-निर्देशों पर धनबाद पोस्ट की टीम द्वारा की गई।

प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर लावारिस मिले संदिग्ध बैग

घटना उस समय की है जब ट्रेन संख्या 13329 (धनबाद-पटना) गंगा दामोदर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 3 से प्रस्थान कर रही थी। गश्त के दौरान टास्क टीम की नजर कालका छोर पर पड़े एक लाल ट्रॉली बैग और एक काले पिठू बैग पर पड़ी।आसपास के यात्रियों से काफी पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उन बैगों पर अपना दावा नहीं किया। संदेह गहराने पर सुरक्षा बल ने बैगों को अपनी सुरक्षा में लिया।

100 से अधिक कैन और विदेशी शराब बरामद

जब RPF टीम ने गवाहों की उपस्थिति में बैगों की तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। बैगों के अंदर से 100 से ज्यादा किंगफिशर बीयर के कैन और भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। बरामद बोतलों पर स्पष्ट रूप से “For Sale in West Bengal” लिखा था। इससे साफ जाहिर होता है कि तस्कर बंगाल से सस्ती शराब खरीदकर उसे शराबबंदी वाले राज्य बिहार में खपाने की तैयारी में थे।

उत्पाद विभाग को सौंपा गया माल

आरपीएफ ने जब्त की गई शराब और बीयर की खेप को उचित कानूनी प्रक्रिया के तहत उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंपने की तैयारी पूरी कर ली है। हालांकि, मौके से किसी भी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन RPF अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए उन संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है जो बैग छोड़कर फरार हुए।

More From Author

भूमिज भाषा को जे-टेट में शामिल कराने पर विधायक संजीव सरदार का हुआ भव्य स्वागत और सम्मान