
चांडिल: चांडिल में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। टाटा-पुरुलिया रोड पर पाथरडीह के पास रसोई गैस सिलेंडर से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया। घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है।
360 गैस सिलेंडर लेकर जा रहा था ट्रक
जानकारी के अनुसार ट्रक गम्हरिया थाना मोड़ स्थित इंडेन गैस फिलिंग सेंटर से करीब 360 रसोई गैस सिलेंडर लोड कर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के कोटशिला की ओर जा रहा था।
चालक ने बताया कैसे हुआ हादसा
ट्रक चालक सुकुमार सिंह ने बताया कि रात में भोजन करने के बाद वह पाथरडीह के पास कुछ देर आराम करने के लिए रुके थे। सुबह जब वे वाहन लेकर आगे बढ़े तो ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गया।
पुलिस की निगरानी में निकाले गए सिलेंडर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस की निगरानी में ट्रक से सभी गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि ट्रक में लदे गैस सिलेंडरों में कोई विस्फोट नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
