आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती कुंज विहार में एक महिला के साथ दिनदहाड़े मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है।पीड़िता की पहचान संजू कुमारी वर्मा के रूप में हुई है, जबकि मारपीट करने वाले युवक का नाम शशांक सिंह बताया जा रहा है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।
स्ट्रीट डॉग को खाना खिलाने को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, इलाके में स्ट्रीट डॉग को खाना खिलाने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक ने महिला को कुत्तों को खाना खिलाने से मना किया था, लेकिन महिला के नहीं मानने पर वह आक्रोशित हो गया।इसके बाद आरोपी युवक ने महिला के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की, जिसका वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने बना लिया और वह अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस में दर्ज हुई शिकायत
घटना के बाद पीड़िता ने आदित्यपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं आरोपी युवक भी थाने पहुंचा था।बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा आरोपी को हिरासत में लेने के बजाय काउंटर केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
वीडियो वायरल होने के बावजूद आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े एक महिला के साथ इस तरह की हिंसा गंभीर चिंता का विषय है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
