चाईबासा पुलिस की बड़ी कामयाबी: पिस्तौल और 7 जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, बड़ी वारदात टली

चाईबासा। चाईबासा मुफ्फसिल थाना पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को विफल करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार युवक का नाम रमेश दास है, जो मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गुटुसाईं तुरी टोला का रहने वाला बताया जा रहा है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

इस संबंध में जानकारी देते हुए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने बताया कि 9 नवंबर की शाम पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सरायकेला की ओर से एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर चाईबासा की तरफ आ रहा है, जो किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता है।सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुफ्फसिल थाना से एक छापामारी दल का गठन किया गया। दल ने ग्राम टोंटो पुलिया के पास सरायकेला की ओर से आ रही गाड़ियों की सघन जांच शुरू की।

रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने पैशन प्रो मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH06F 2913) पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोका।तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी लोडेड पिस्टल, 7.65 एमएम के सात जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, एक मोटोरोला मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई।जब पुलिस ने हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग की, तो आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही अवैध हथियार को जप्त करते हुए रमेश दास को गिरफ्तार कर लिया।

छापामारी दल ने दिखाई तत्परता

पुलिस टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी पुअनि विनोद कुमार, पुअनि अरविंद कुमार कुशवाहा, सअनि निमाई टुडू और मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।टीम ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया।

पुलिस ने शुरू की पूछताछ

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कहां से हथियार लेकर आया था और इसे किस उद्देश्य से लाया गया था।पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना में शामिल था।

More From Author

टाटानगर पार्सल से खराब स्कैनर मशीन हटाई गई, डीआरएम ने दिया था आदेश; जुलाई से बेकार था उपकरण

जमशेदपुर: मानगो में कार चालक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, नशे की लत और किश्त न भर पाने से था परेशान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *