सरायकेला: आईडीबीआई बैंक कर्मी ने घर में पंखे से लटककर की आत्महत्या; सुसाइड नोट में ‘काम के दबाव’ का जिक्र, इलाके में सनसनी

सरायकेला: झारखंड के सरायकेला नगर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ आईडीबीआई बैंक की सरायकेला शाखा में कार्यरत एक कर्मचारी ने शुक्रवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार और बैंककर्मियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।

नाश्ता करने के बाद उठाया आत्मघाती कदम

मृतक की पहचान टांगरानी गांव निवासी 40 वर्षीय आलोक पड़ीहारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह सब कुछ सामान्य लग रहा था। आलोक सुबह स्नान करने के बाद अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर वापस लौटे थे। घर आकर उन्होंने परिजनों के साथ नाश्ता भी किया।

घर में अकेले होने का फायदा उठाकर लगाया फंदा

नाश्ते के बाद जब परिवार के अन्य सदस्य पास ही स्थित नदी में स्नान करने के लिए चले गए, तब आलोक घर में अकेले थे। इसी दौरान उन्होंने कमरे में छत पर लगे पंखे से साड़ी का फंदा बनाया और उस पर लटक गए। जब परिजन नदी से वापस घर लौटे, तो आलोक को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारकर सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सुसाइड नोट बरामद: ‘वर्क प्रेशर’ बना मौत की वजह!

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सुसाइड नोट में आलोक ने बैंक में काम के अत्यधिक दबाव को अपनी मौत का कारण बताया है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और बैंक प्रबंधन के साथ-साथ परिजनों से पूछताछ कर मामले की तहकीकात में जुट गई है।

बैंकिंग सेक्टर में बढ़ता तनाव बना चिंता का विषय

इस घटना ने एक बार फिर बैंकिंग सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य और वर्क प्रेशर पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और सहकर्मियों का कहना है कि आलोक एक मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्ति थे, लेकिन अंदर ही अंदर वे किसी बड़े मानसिक तनाव से गुजर रहे थे।

More From Author

जमशेदपुर में ज्योतिष विज्ञान का महासंगम: 32वें एशियन एस्ट्रोलॉजर कांफ्रेंस का भव्य आगाज; देश-विदेश के 100 से अधिक विद्वान जुटे

जमशेदपुर: बागुनहातु सरना विद्यालय में अराजक तत्वों ने लगाई आग; कक्षा 1 का कमरा जलकर राख, किताबें और बेंच हुए बर्बाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *