जमशेदपुर: सोशल मीडिया पर रील बनाकर खुद को ‘दबंग’ दिखाने का शौक जमशेदपुर के एक युवक को भारी पड़ गया। उलीडीह थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल के साथ रील बनाने और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूमने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिस्टल सप्लाई करने वाले दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया है।
डिमना चौक के पास से हुई गिरफ्तारी
उलीडीह थाना प्रभारी शारिक अली ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि बीती रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डिमना चौक के समीप मोटरसाइकिल सवार एक युवक हथियार के साथ घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया और छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने डिमना चौक के पास से संदिग्ध अवस्था में दिख रहे मोटरसाइकिल सवार युवक को हिरासत में लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई।
30 हजार रुपये में खरीदी थी पिस्टल
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम अभिषेक कुमार बताया, जो कपाली का रहने वाला है। कड़ाई से पूछताछ करने पर अभिषेक ने खुलासा किया कि उसने यह पिस्टल शंकोसाई निवासी अभिषेक दास नामक युवक से 30,000 रुपये में खरीदी थी।
रील बनाने और रौब झाड़ने के लिए खरीदा हथियार
जब पुलिस ने आरोपी से पिस्टल रखने की वजह पूछी, तो वजह जानकर अधिकारी भी हैरान रह गए। आरोपी अभिषेक कुमार ने बताया कि उसे सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक है। वह इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर हथियार के साथ रील पोस्ट कर खुद को इलाके का दबंग दिखाना चाहता था। लोगों पर अपना रौब झाड़ने और शौक पूरा करने के लिए ही उसने अवैध हथियार खरीदा था। पुलिस की जांच में अब तक आरोपी युवक का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। वह महज शौक और सोशल मीडिया पर पॉपुलैरिटी के चक्कर में इस दलदल में फंस गया।
पिस्टल बेचने वाला भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
अभिषेक कुमार की निशानदेही पर उलीडीह पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी अभिषेक दास (निवासी शंकोसाई) को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
