Views: 0

जमशेदपुर:रविवार को जमशेदपुर में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब धनबाद पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए कदमा निवासी आशीष सिंह राजपूत को हिरासत में ले लिया। आशीष पर कुछ दिनों पहले धनबाद में हवाई फायरिंग करने का गंभीर आरोप है, और धनबाद पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही थी।
भाजपा नेता के स्वागत कार्यक्रम के दौरान हुई गिरफ्तारी
सूत्रों के अनुसार, धनबाद पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए गुप्त रणनीति अपनाई। रविवार को जब डोबो पुल पर भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू के स्वागत में कार्यक्रम चल रहा था, तभी धनबाद पुलिस की टीम सिविल ड्रेस में मौके पर मौजूद थी। पुलिस ने इस अवसर का फायदा उठाया और अचानक दबिश देकर आशीष सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद कार्यकर्ताओं में हुई मारपीट
आशीष सिंह राजपूत की गिरफ्तारी के बाद मौके पर अचानक तनावपूर्ण माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि आशीष के समर्थकों ने भाजपा नेता हरजीत उर्फ चिंटू सिंह पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे। इस अचानक हुई मारपीट की घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, धनबाद पुलिस तुरंत आशीष को लेकर मौके से रवाना हो गई।
धनबाद पुलिस की पूछताछ जारी
सूत्रों की मानें तो आशीष सिंह राजपूत, धनबाद में हुई हवाई फायरिंग की घटना में शामिल मुख्य आरोपियों में से एक है। उसके साथ चार से पांच अन्य युवक भी इस घटना में शामिल थे, जिनकी तलाश धनबाद पुलिस अब भी कर रही है।फिलहाल, धनबाद पुलिस आशीष सिंह राजपूत से गहन पूछताछ कर रही है ताकि हवाई फायरिंग के पीछे के मकसद और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए जमशेदपुर सहित संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
