जमशेदपुर के गांधी घाट के पास 18 चक्का ट्रेलर पलटा, बड़ा हादसा टला

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के गांधी घाट के समीप गुरुवार देर रात एक 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की।

बाइक सवारों से बचने के दौरान हुआ हादसा

वाहन मालिक के अनुसार, ट्रेलर टाटा रायसन कंपनी से माल लेकर हरियाणा के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान लिट्टी चौक के पास दो बाइक सवार युवकों ने ट्रेलर को रोकने का प्रयास किया। बताया जाता है कि उनसे बचकर निकलने के दौरान चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी।इसी क्रम में गांधी पार्क के समीप चालक का ट्रेलर से नियंत्रण हट गया और भारी वाहन सड़क पर पलट गया। हालांकि, बाइक सवार युवकों द्वारा ट्रेलर रोकने की कोशिश किए जाने की बात वाहन मालिक की ओर से बताई गई है।

बाल-बाल बचे राहगीर, टला बड़ा हादसा

गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई अन्य वाहन या व्यक्ति ट्रेलर की चपेट में नहीं आया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रेलर के पलटने के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रेलर को हटाने और यातायात सामान्य करने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

More From Author

मानगो पुल पर भीषण जाम, एंबुलेंस भी फंसी; घंटों परेशान रहे लोग