जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की 75वीं आमसभा मंगलवार को चैम्बर भवन में आयोजित हुई। आमसभा में चारों उपसमितियों की ओर से प्रस्तुत 35 प्रस्तावों एवं संकल्पों के साथ वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट को सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। इस अवसर पर चैम्बर की 75वीं आमसभा के उपलक्ष्य में विशेष स्मारिका का विमोचन भी किया गया। इसमें पिछले एक वर्ष की गतिविधियों, कार्यों और उपलब्धियों का संकलन किया गया है।
उद्योग-व्यापार के साथ जनहित के मुद्दों को दी प्राथमिकता
चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने अपने संबोधन में कहा कि 74वीं आमसभा और चुनाव के बाद उन्होंने युवा साथियों के साथ संगठन की जिम्मेदारी संभाली थी। इस दौरान उद्योग एवं व्यापार से जुड़े मुद्दों के साथ एयरपोर्ट, रेलवे, जनसुविधा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सरोकार के विषयों को भी प्राथमिकता दी गई।उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों, जियाडा और राज्य सरकार के समक्ष लगातार मुद्दे उठाए गए। इसके अलावा झारखंड के 19 चैम्बरों को एक मंच पर लाकर सिम्पोजियम का आयोजन किया गया। उन्होंने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट, रेलवे सुविधाओं, कानून-व्यवस्था, व्यापार, नवाचार, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं से जुड़े प्रयासों में सहयोग के लिए प्रशासन, पुलिस, जियाडा और मीडिया के प्रति आभार जताया।
वार्षिक प्रतिवेदन और ऑडिट रिपोर्ट को मिली मंजूरी
महासचिव पुनीत कांवटिया ने पिछले एक वर्ष का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि चैम्बर ने उद्योग और व्यापार के हितों के साथ आम लोगों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित कीं। उन्होंने कहा कि इस सत्र में जो कार्य पूरे नहीं हो सके हैं, उन्हें आगामी सत्र में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।वहीं, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट पेश की, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
एयरपोर्ट से लेकर औद्योगिक विकास तक 35 प्रस्ताव पारित
आमसभा में व्यापार एवं वाणिज्य, जनसंपर्क एवं कल्याण, वित्त एवं कराधान तथा उद्योग उपसमितियों की ओर से कुल 35 प्रस्ताव एवं संकल्प रखे गए। सदस्यों ने सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कियाव्यापार एवं वाणिज्य उपसमिति की ओर से कोल्हान में टेक्सटाइल एवं गारमेंट पार्क की स्थापना, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा देने, डिजिटल मार्केटिंग और ई-कॉमर्स का प्रशिक्षण देने जैसे प्रस्ताव रखे गए। इसके अलावा बाजारों में पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था सुधारने, व्यापारी कल्याण बोर्ड बनाने तथा ट्रेड लाइसेंस और व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल करने की मांग की गई।जनसंपर्क एवं कल्याण उपसमिति ने जमशेदपुर में एयरपोर्ट और बेहतर कनेक्टिविटी, टाटानगर स्टेशन के बुनियादी ढांचे के विकास तथा नए बस स्टैंड की स्थापना का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही चैम्बर के लिए नई प्रशासनिक इमारत और 500 सीटों वाले ऑडिटोरियम, कोल्हान में पर्यटन विकास तथा जमशेदपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने से जुड़े प्रस्ताव भी पारित किए गए।वित्त एवं कराधान उपसमिति ने जमशेदपुर कमिश्नरेट में जीएसटी अपीलेट बेंच की स्थापना, प्रोफेशनल टैक्स के ब्याज में राहत और जीएसटी एमनेस्टी योजना लागू करने की मांग की। इसके अलावा कर कानूनों में बदलाव की पूर्व सूचना देने और लंबित अपीलों का शीघ्र निपटारा करने से जुड़े प्रस्ताव भी रखे गए।उद्योग उपसमिति ने कोल्हान में नए औद्योगिक पार्क एवं विनिर्माण क्लस्टर बनाने, टाटानगर में कोचिंग डिपो और एमएसएमई सुविधा केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुधारने, प्रतिस्पर्धी बिजली दरें सुनिश्चित करने, बड़े उद्योगों और एमएसएमई के बीच नियमित संवाद तथा सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही इंडस्ट्रियल पॉलिसी 2026 और जियाडा रेगुलेशन 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की गई।
पूर्व अध्यक्षों ने साझा किए अनुभव
आमसभा में पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर केडिया, उमेश कांवटिया और निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने चैम्बर की गतिविधियों की सराहना करते हुए वर्तमान पदाधिकारियों को बधाई दी। साथ ही संगठन की एकजुटता बनाए रखने और उद्योग-व्यापार के हित में सक्रिय भूमिका निभाते रहने की अपील की।
मरीन ड्राइव हादसे में मृत युवाओं को दी श्रद्धांजलि
आमसभा के समापन के बाद जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर पिछले दिनों हुई सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, तृषा सिंह और वंशिका खंडेलवाल को श्रद्धांजलि दी गई। चैम्बर के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत युवाओं को याद किया और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।इस अवसर पर मनोज गोयल, चंद्रकांत जटाकिया, उमेश खीरवाल, पीयूष गोयल, अश्विनी अग्रवाल, बिमल अग्रवाल, पवन नरेडी, राजेश जैसुका, दीपक चेतानी और जयप्रकाश हीरवाल समेत बड़ी संख्या में चैम्बर के सदस्य उपस्थित रहे।
