Views: 1
बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित जमसोला बॉर्डर पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक जाइलो गाड़ी से 45 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की स्थानीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 20 हजार 60 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
वाहन जांच के दौरान जाइलो गाड़ी से मिला गांजा
जानकारी के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीण पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत जमसोला बॉर्डर पर पुलिस वाहन जांच कर रही थी। इस दौरान एक जाइलो गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में गाड़ी से 45 किलो गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गाड़ी में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 20 हजार 60 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
ओडिशा से खड़गपुर ले जाया जा रहा था गांजा
पूरे मामले का खुलासा ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाला ने प्रेस वार्ता कर किया। उन्होंने बताया कि पुलिस नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांजा ओडिशा से लाकर पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में बेचा जाना था।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि गांजा तस्करी के नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।
