जमशेदपुर: टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में वर्क ऑर्डर की कमी का असर अब उत्पादन व्यवस्था पर स्पष्ट रूप से दिखने लगा है। कंपनी प्रबंधन ने उत्पादन को नियंत्रित करने के उद्देश्य से कंपेंसेटरी ऑफ और ब्लॉक क्लोजर की घोषणा की है। इस संबंध में प्रबंधन ने दो अलग-अलग आधिकारिक सर्कुलर जारी किए हैं।
सात दिनों तक रहेगा कामकाज प्रभावित
जारी आदेश के अनुसार, कंपनी में लगातार सात दिनों तक कामकाज प्रभावित रहेगा। प्रबंधन की योजना इस प्रकार है जिसमे 29 मई, 30 मई और 1 जून को कर्मचारियों को कंपेंसेटरी ऑफ दिया जाएगा। 2 जून से 4 जून तक प्लांट में ब्लॉक क्लोजर लागू रहेगा। बीच में 31 मई को रविवार होने के कारण प्लांट में कामकाज बंद रहेगा।इस व्यवस्था से केवल फाउंड्री डिवीजन को अलग रखा गया है, जहां 29 और 30 मई को सामान्य रूप से कामकाज जारी रहेगा।
कंपेंसेटरी ऑफ की शर्तें
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मचारियों को इन ऑफ के दिनों में भी ड्यूटी पर बुलाया जाएगा, उन्हें अपना कंपेंसेटरी ऑफ बाद में लेना होगा। इसकी समय सीमा भी तय की गई है जिसमे 29 और 30 मई को ड्यूटी करने वाले कर्मचारी 31 मई तक ऑफ ले सकेंगे।1 जून को ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 30 जून तक अपना प्रतिपूरक अवकाश लेना होगा।यह व्यवस्था 15 मार्च, 29 मार्च और 19 अप्रैल को साप्ताहिक अवकाश के दिन किए गए काम के एवज में दी जा रही है। विभागाध्यक्षों को यह निर्देश दिया गया है कि वे कॉमन और आवश्यक सेवाओं के लिए कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाए रखें।
ब्लॉक क्लोजर के नियम
19 मार्च को हुए समझौते के तहत 2 से 4 जून तक घोषित ब्लॉक क्लोजर के दौरान निम्नलिखित नियम लागू होंगे। ब्लॉक क्लोजर की अवधि में प्रभावित कर्मचारियों को आधे दिनों के लिए अपनी पीएल या सीएल का उपयोग करना होगा। शेष अवधि का सामान्य वेतन कंपनी द्वारा प्रदान किया जाएगा। ब्लॉक क्लोजर के दौरान यदि किसी कर्मचारी को ड्यूटी पर बुलाया जाता है, तो उनका कार्यस्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।प्रबंधन का यह निर्णय बाजार में वर्क ऑर्डर की कमी और उत्पादन समायोजन की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
