कांड्रा: कांड्रा थाना क्षेत्र के कांड्रा मोड़ में बुधवार शाम एक सड़क हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार गंभीर घायल
हादसे में हरिहरपुर निवासी पोलूस बोदरा घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि ट्रक संख्या JH 05CE 8956 ने कांड्रा मोड़ के पास उनकी साइकिल को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोलूस बोदरा के हाथ की हड्डी बाहर निकल गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों और ग्रामीणों ने पहुंचाई मदद
दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायल को संभाला। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल भेजा गया।
टोल प्लाजा पर पकड़ा गया ट्रक, चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक को कांड्रा टोल प्लाजा पर रोक लिया गया। हालांकि, ट्रक रुकने के बाद उसका चालक मौके से फरार हो गया।सूचना मिलने पर कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ट्रक के दस्तावेज और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
