कपाली हत्याकांड का खुलासा: पुरानी रंजिश में दोस्त ने ही की थी तौसीफ की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां। कपाली ओपी क्षेत्र में बीते 15 मई को हुए सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अहमद जलील अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से बिहार के सिवान का रहने वाला है और वर्तमान में जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में रह रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया है।

शराब पिलाने के बाद की हत्या

कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश थी। जांच के अनुसार मुख्य आरोपी अहमद जलील ने पहले मृतक मो. तौसीफ उर्फ राज (21 वर्ष, निवासी किताडीह) को धोखे से बुलाया और साथ बैठकर शराब पिलाई।इसी बीच उसने अपने साथी साबिर अली उर्फ सोनू को फोन कर हथियार (चापड़) के साथ मौके पर बुलाया।नशे की हालत में तौसीफ पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एक आरोपी पहले से जेल में, दूसरे का कराया पैदल मार्च

पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में शामिल दूसरा आरोपी साबिर अली उर्फ सोनू पहले ही किसी अन्य मामले में जेल जा चुका है। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। वहीं, मुख्य आरोपी अहमद जलील अंसारी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। कानून-व्यवस्था के प्रति जनता में विश्वास जगाने और अपराधियों में भय पैदा करने के उद्देश्य से कपाली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार आरोपी अहमद जलील का क्षेत्र में पैदल मार्च कराया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

क्या थी घटना?

बता दें कि 15 मई को डोबो-कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग स्थित डोंगाघाट के पास तौसीफ का क्षत-विक्षत शव मिला था। उसके शरीर पर धारदार हथियार के गहरे निशान थे, जिसके बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

More From Author

खरसावां: दुष्कर्म का आरोपी 6 साल बाद गिरफ्तार, नाम बदलकर चाईबासा में छिपा था ‘स्थायी वारंटी’

जमशेदपुर: जिप सदस्य पूर्णिमा मलिक ने निजी खर्च से कराई नाली की सफाई, करनडीह के लोगों को मिली गंदगी से मुक्ति