जमशेदपुर में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, 17 दिसंबर को रांची में जुटेंगे गौभक्त

Views: 1

जमशेदपुर: गौमाता को ‘राष्ट्र माता’ का राष्ट्रीय सम्मान दिलाने और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) जमशेदपुर महानगर की ओर से बिष्टुपुर स्थित हिंदूपीठ में गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विहिप कार्यकर्ताओं, विभिन्न संगठनों के सदस्यों और गौभक्तों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम में जयपुर के विराट नगर पंचखंड से पहुंचे पीठाधीश्वर आचार्य सोमेंद्र जी महाराज विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान उपस्थित लोगों ने गौ रक्षा और गौहत्या पर पूर्ण रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

17 दिसंबर को रांची में विशाल जुटान का आह्वान

कार्यक्रम के दौरान गौभक्तों से आगामी 17 दिसंबर को रांची में प्रस्तावित विशाल जनसमूह में शामिल होने की अपील की गई। आयोजकों के अनुसार, जमशेदपुर, चाईबासा, सरायकेला और घाटशिला सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों गौभक्तों के रांची पहुंचने की योजना है।विहिप के संभाग प्रभारी सुमित खंडेलवाल ने बताया कि गौहत्या पर रोक लगाने और गौ संरक्षण के लिए केंद्रीय स्तर पर गौ सेवा आयोग के गठन तथा केंद्रीय कानून लागू करने की मांग की जा रही है।

छह लाख हस्ताक्षर जुटाने का दावा

सुमित खंडेलवाल के अनुसार, इस अभियान के तहत जमशेदपुर में अब तक करीब छह लाख हस्ताक्षर जुटाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही चार लाख और हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान से संबंधित ज्ञापन महामहिम, प्रधानमंत्री और राज्यपाल को सौंपने की योजना है।आयोजकों का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से गौ संरक्षण से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा और केंद्र सरकार से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की जाएगी।

विहिप पदाधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका

कार्यक्रम में संत जम्बू वाले भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के बाद आरती की गई। आयोजन को सफल बनाने में विहिप सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह, जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, उपाध्यक्ष गोपी राव और जिला मंत्री चंद्रिका भगत का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम के माध्यम से आयोजकों ने गौ रक्षा और गौ सम्मान आह्वान अभियान को आगे बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।

More From Author

जमशेदपुर: कदमा में छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या का आरोपी बड़ा भाई गिरफ्तार

जमशेदपुर: हत्या का बदला लेने की फिराक में घूम रहे दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद