बिष्टुपुर में पुलिसकर्मी बनकर महिला से दो लाख के गहने ठगे, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के एन रोड में शनिवार दोपहर शातिर ठगों ने पुलिसकर्मी बनकर एक महिला को अपना शिकार बनाया और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हत्या का डर दिखाकर गहने उतरवाए

जानकारी के अनुसार एम रोड स्थित क्वार्टर निवासी प्रकाश कौर पैदल एन रोड से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने उन्हें रोककर कहा कि पीछे खड़ा व्यक्ति उन्हें बुला रहा है।जब वह उसके पास पहुंचीं तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि बिष्टुपुर क्षेत्र में हाल ही में हत्या की घटना हुई है और ऐसे माहौल में गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है।

साथी ने निभाई भरोसा दिलाने की भूमिका

ठगी की योजना के तहत कुछ ही देर में एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और विश्वास दिलाने के लिए अपने गले से सोने की चेन निकालकर कथित पुलिसकर्मी को सौंप दी। इससे महिला को दोनों की बातों पर भरोसा हो गया।इसके बाद प्रकाश कौर ने अपने सोने के कंगन और अंगूठी उतार दिए। इसी दौरान कथित पुलिसकर्मी ने एक कागज में गहने लपेटकर रखने की सलाह दी।

चालाकी से बदल दिया गहनों वाला पैकेट

बातचीत के दौरान ठग ने बेहद शातिर तरीके से कागज का पैकेट बदल दिया और असली गहने लेकर फरार हो गया। महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी।कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद जब उन्होंने कागज खोला तो उसमें नकली गहने देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी।

करीब दो लाख रुपये के गहनों की ठगी

पीड़िता के बेटे जगदीप सिंह ने बताया कि ठग करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अजनबियों की बातों में न आएं और यदि कोई व्यक्ति पुलिसकर्मी बनकर इस प्रकार की सलाह दे तो उसकी पहचान की पुष्टि अवश्य करें।

More From Author

जमशेदपुर: बिष्टुपुर में हथियार के साथ युवक गिरफ्तार; रील्स बनाने के लिए हाथ में थामी थी लोडेड पिस्तौल, सिटी एसपी ने किया खुलासा

रुंगटा स्टील प्लांट में झुलसे ठेका मजदूर की मौत, परिजनों को 15 लाख रुपये मुआवजा