जमशेदपुर में घरेलू विवाद बना जानलेवा, पति ने पत्नी पर खलबट्टे से किया हमला, इलाज के दौरान मौत

जमशेदपुर। शहर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति द्वारा कथित रूप से खलबट्टे से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान गीता मंडल (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति बापी मंडल को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सिर पर खलबट्टे से हमला, अस्पताल में हुई मौत

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान बापी मंडल ने गुस्से में आकर गीता मंडल के सिर पर खलबट्टे से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल गीता को सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस ने तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

फोन पर बातचीत को लेकर चल रहा था विवाद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले कुछ महीनों से गीता मंडल की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था।

पहले भी पहुंच चुका था मामला थाने

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद का मामला पहले उलीडीह पुलिस तक पहुंच चुका था। उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था। हालांकि मंगलवार रात एक बार फिर इसी मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ गया और घटना ने गंभीर रूप ले लिया।

दोनों की थी दूसरी शादी

पुलिस के अनुसार बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में एक होटल का संचालन करता है। बताया जा रहा है कि बापी और गीता दोनों की यह दूसरी शादी थी। बापी के दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग रह रही थीं।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

More From Author

झारखंड राज्यपाल से मिला ब्राह्मण समाज का प्रतिनिधिमंडल, 9 सूत्री मांगों का सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर में अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, स्टील की डेकची से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Recent News