जमशेदपुर में अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, स्टील की डेकची से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह लाइन टोला में मंगलवार देर रात अवैध संबंध के शक में एक 35 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान ओडिशा निवासी मोहन सोरेन के रूप में

मृतक की पहचान मोहन सोरेन (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पेशे से कान्वाई चालक था और मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला था। उसके भाई सुंदरनगर के नया बस्ती क्षेत्र में रहते हैं। बताया जाता है कि मोहन का आरोपी राजू मुर्मू के घर अक्सर आना-जाना था।

अवैध संबंध के शक को लेकर होता था विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार मोहन, राजू मुर्मू की पत्नी सविता मुर्मू को अपनी मुंहबोली मामी कहता था। हालांकि राजू को दोनों के बीच अवैध संबंध होने का संदेह था। इसी शक को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

पहले पत्नी को घर से भगाया, फिर युवक पर किया हमला

जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात मोहन सोरेन राजू मुर्मू के घर पहुंचा था। इसी दौरान तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर राजू ने पहले अपनी पत्नी सविता के साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। भयभीत सविता अपने दोनों बच्चों को लेकर वहां से चली गई और रात किसी अन्य स्थान पर बिताई।इसके बाद घर में मौजूद मोहन और राजू के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि राजू ने घर में रखी भारी स्टील की डेकची (बड़ा बर्तन) उठाकर मोहन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट लगने से मोहन की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बरामद किए अहम साक्ष्य

बुधवार सुबह जब सविता मुर्मू घर लौटी तो उसे घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।पुलिस ने मौके से मृतक का मोबाइल फोन, खून से सनी स्टील की डेकची तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद करनडीह लाइन टोला क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है।

More From Author

जमशेदपुर में घरेलू विवाद बना जानलेवा, पति ने पत्नी पर खलबट्टे से किया हमला, इलाज के दौरान मौत

बोकारो में शर्मनाक वारदात: बहला-फुसलाकर किशोरी से जंगल में दुष्कर्म, दो नाबालिग आरोपी गिरफ्तार