जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के कुंवर बस्ती में रविवार सुबह बच्चा चोरी की आशंका को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने संदिग्ध परिस्थितियों में दो महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंवर बस्ती निवासी बालेश्वर बेरा अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान दो महिलाएं कथित रूप से उनके घर में प्रवेश कर गईं। बालेश्वर बेरा का आरोप है कि दोनों महिलाएं उनके बच्चे को अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रही थीं।
शोर मचाने पर जुटी भीड़
बताया जाता है कि अचानक नींद खुलने पर बालेश्वर बेरा ने शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और बच्चा चोरी के संदेह में दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ मारपीट भी की। स्थिति तनावपूर्ण होते देख किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी।
पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को भीड़ के चंगुल से निकालकर सुरक्षित थाने ले गई। पुलिस ने दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिलाएं किस उद्देश्य से घर में घुसी थीं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और कानून अपने हाथ में न लें। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
