जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के मानगो बाजार टैंक रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान में रविवार तड़के चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर दुकान की छत की टीन काटकर अंदर घुसे और करीब 4 किलो चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।घटना कोलकाता ज्वेलर्स नामक दुकान में हुई। सुबह दुकान संचालक जितेंद्र कुमार जब दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर चोरी की जानकारी सामने आई, जिसके बाद तुरंत मानगो थाना पुलिस को सूचना दी गई।
छत काटकर दुकान में दाखिल हुए चोर
दुकान संचालक के अनुसार, वे शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर घर गए थे। रविवार सुबह लौटने पर देखा कि दुकान की छत पर लगे टीन शेड की दो परतें काटी गई थीं। चोर इसी रास्ते अंदर घुसे और दुकान में रखे लगभग 4 किलो चांदी के जेवरात और करीब 8 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
तिजोरी तोड़ने की कोशिश नाकाम
चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। तिजोरी सुरक्षित रहने के कारण उसमें रखे सोने के जेवरात चोरी होने से बच गए। दुकान में बिखरे सामान से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने जल्दबाजी में वारदात को अंजाम दिया।
इलाके में दहशत, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद मानगो बाजार इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि चोरी के इस मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
