विश्व रक्तदाता दिवस पर मेगा रक्तदान शिविर में 272 यूनिट रक्त संग्रह, रक्तदाताओं को मिलेगा मुफ्त एआई प्रशिक्षण

जमशेदपुर: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को बिष्टुपुर स्थित मिलनी हॉल में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर मानवता, सामाजिक सरोकार और युवा सशक्तिकरण का अनूठा उदाहरण बनकर उभरा। प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर, प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (पीएसएफ), द मिलनी, टाटा स्टील फाउंडेशन और ग्रामीण बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में कुल 272 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर में 325 लोगों ने पंजीकरण कराया था।गर्मी के मौसम में रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों के लिए यह रक्तदान शिविर बड़ी राहत साबित होगा।

रक्तदान के साथ युवाओं को मिलेगा एआई प्रशिक्षण

इस मेगा शिविर की सबसे खास पहल रही रक्तदाताओं को निःशुल्क आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की घोषणा। ई-डिजिटल इंडिया की ओर से सभी रक्तदाताओं को मुफ्त एआई प्रशिक्षण दिया जाएगा।रक्तदाता अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाजसेवा के साथ-साथ युवाओं को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना और उनके कौशल विकास एवं रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर व्यवसायी एवं समाजसेवी शेखर डे, टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रबंधक अभिषेक कश्यप, एरिया ऑफिसर नवीन चंद दास, द मिलनी के सचिव दीपांकर दत्ता, कृष्णेंदु चटर्जी, ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीकांत कटारे, टीम पीएसएफ के चेयरमैन पुलक चटर्जी, अरिजीत सरकार, प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज, महासचिव विकास श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सुमित झा, ब्रजेश सिंह, गुलाब सिंह, बी. श्रीनिवास, रवि झा, जितेंद्र कुमार, प्रमोद झा, पीएसएफ की ब्रांड एम्बेसडर नीला सेनगुप्ता, समाजसेवी दुखनी सोरेन, सुमित्रा हेम्ब्रम, जमशेदपुर ब्लड सेंटर के महाप्रबंधक संजय चौधरी तथा ई-डिजिटल इंडिया के प्रबंधक रामकृष्ण ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

रक्तदान को बताया सबसे बड़ा मानवीय दान

अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान न केवल मानवता की सेवा है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है।

पिता-पुत्र की तीन जोड़ियां बनीं प्रेरणा

शिविर की विशेष उपलब्धियों में पिता-पुत्र की तीन जोड़ियों द्वारा एक साथ रक्तदान करना शामिल रहा। इस दृश्य ने उपस्थित लोगों को भावुक और प्रेरित किया। इसके अलावा महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

स्वयंसेवकों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के सदस्य आकाश कुमार, अविनाश, सानू सरकार, अभिषेक, तारकेश्वर समेत अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे दिन चले इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया और समाज सेवा के इस अभियान को सफल बनाया।

समाज सेवा और कौशल विकास को साथ लेकर आगे बढ़ेगा अभियान

समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के साथ कौशल विकास को जोड़ने की यह पहल भविष्य में भी जारी रहेगी, ताकि समाज सेवा और युवा सशक्तिकरण दोनों उद्देश्यों को एक साथ आगे बढ़ाया जा सके।

More From Author

जमशेदपुर: आरडी टाटा गोलचक्कर पर पिकअप की चपेट में आई स्कूटी सवार महिला, हादसे के बाद सड़क जाम

जमशेदपुर में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने पर मंथन, प्रदेश सचिव नीरज भोक्ता का हुआ भव्य स्वागत