जमशेदपुर: आरडी टाटा गोलचक्कर पर पिकअप की चपेट में आई स्कूटी सवार महिला, हादसे के बाद सड़क जाम

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के आरडी टाटा गोलचक्कर के पास रविवार को एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को पीछे से आ रही एक पिकअप वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। नाराज लोगों ने ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को घेर लिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम को मौके पर तैनात करना पड़ा।

पुलिस चेकिंग को लेकर लोगों ने जताया विरोध

स्थानीय लोगों का आरोप है कि महिला स्कूटी से जा रही थी, तभी वाहन जांच कर रहे एक पुलिसकर्मी अचानक उसके सामने आ गया। इससे महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।घटना के बाद लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया।

जिला पुलिस ने जारी किया सीसीटीवी फुटेज

विवाद बढ़ने के बाद जिला पुलिस की ओर से घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी किया गया। फुटेज में महिला स्कूटी से साकची की ओर से बर्मामाइंस की दिशा में जाती हुई दिखाई दे रही है। इसी दौरान वह पिकअप वाहन की चपेट में आती नजर आती है।पुलिस का कहना है कि उपलब्ध फुटेज में हादसा सीधे तौर पर वाहन की चपेट में आने के कारण हुआ प्रतीत होता है।

पुलिस चेकिंग का घटना से कोई संबंध नहीं: डीएसपी यातायात

मामले को लेकर डीएसपी यातायात नीरज पाठक ने कहा कि इस सड़क दुर्घटना का पुलिस चेकिंग अभियान से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है और प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि महिला पिकअप वाहन की चपेट में आई थी।उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें और जांच पूरी होने का इंतजार करें।

पुलिस कर रही मामले की जांच

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घायल महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

More From Author

बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना चालू करने की मांग को लेकर धरना, 15 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो तेज होगा आंदोलन