जमशेदपुर: लौहनगरी जमशेदपुर और इसके आस-पास के क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं की बदहाल स्थिति, गहराते पेयजल संकट और लंबित विकास योजनाओं को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने कड़ा रुख अपनाया है। जदयू पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में पार्टी के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जमशेदपुर के उपायुक्त से मुलाकात की और विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा।जदयू ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि यदि जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
“वसूली बंद करे ट्रैफिक पुलिस, ऑनलाइन चालान व्यवस्था हो प्रभावी”
ज्ञापन में जमशेदपुर की चरमराती यातायात व्यवस्था पर सबसे तीखा हमला बोला गया है। जदयू नेताओं ने कहा ‘दिशा’ की बैठक में यह स्पष्ट निर्णय लिया गया था कि जिन चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, वहां ट्रैफिक पुलिस शारीरिक रूप से वाहन रोककर जाम लगाने के बजाय कैमरों के जरिए ऑनलाइन चालान काटेगी। लेकिन धरातल पर इसका उल्टा हो रहा है।जदयू ने मांग की कि ट्रैफिक पुलिस का मुख्य काम सड़कों पर सुगम यातायात सुनिश्चित करना होना चाहिए, न कि केवल चौक-चौराहों पर खड़े होकर चेकिंग के नाम पर आम जनता को परेशान करना। नियम तोड़ने वालों का सीसीटीवी फुटेज के जरिए सीधे ऑनलाइन चालान भेजा जाए और चालान भुगतान की प्रक्रिया को भी ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बेहद सरल व पारदर्शी बनाया जाए।
मानगो नगर निगम के खुले भ्रष्टाचार और सुस्ती पर उठाए सवाल
जदयू ने मानगो क्षेत्र की जनता को मिल रहे प्रशासनिक धोखे को प्रमुखता से उठाते हुए नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए। जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने उपायुक्त को बताया कि मानगो क्षेत्र में नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना का टेंडर हुए महीनों बीत चुके हैं, लेकिन आज तक धरातल पर एक भी लाइट नहीं लगी है। जो पुरानी लाइटें खराब हैं, उन्हें बदला नहीं जा रहा है। पूरा क्षेत्र नियमित कचरा उठाव न होने के कारण डंपिंग यार्ड में तब्दील हो रहा है।
आधी रात को जागकर पानी भरने को मजबूर हैं जमशेदपुर के लोग
इस चिलचिलाती गर्मी में जिले में व्याप्त गंभीर जल संकट पर चिंता जताते हुए जदयू ने कहा कि मानगो, जेएनएसी और ग्रामीण इलाकों में जलापूर्ति का कोई तय समय नहीं है। कई इलाकों में देर रात 2 बजे या तड़के सुबह 4 बजे पानी की सप्लाई दी जा रही है, जिसके कारण कामकाजी लोगों और महिलाओं को रात-रात भर जागकर पानी भरना पड़ रहा है।इसके अलावा, टाटा स्टील की सहयोगी कंपनी जुस्को पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ज्ञापन में कहा गया कि आम उपभोक्ताओं को नए पेयजल कनेक्शन देने में जुस्को प्रबंधन पूरी तरह टालमटोल की नीति अपना रहा है और आम जनता को दफ्तरों के चक्कर कटवाए जा रहे हैं, जिसपर तुरंत नकेल कसी जानी चाहिए।
जमशेदपुर अक्षेस की लापरवाही और स्टेडियम की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र में सड़कों और नालियों पर पसरे कचरे और सफाई व्यवस्था में व्याप्त भारी अनियमितताओं को दूर करने तथा लापरवाह सफाई कर्मियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। इसके साथ ही, मानगो के स्थानीय युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए एक सर्वसुविधायुक्त इनडोर एवं आउटडोर स्टेडियम के निर्माण की मांग को भी प्रमुखता से दोहराया गया।
उपायुक्त ने दिया आश्वासन
जदयू प्रतिनिधिमंडल की तमाम शिकायतों और मांगों को जिले के उपायुक्त ने बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने नेताओं को आश्वस्त किया कि वे जल्द ही मानगो नगर निगम, जेएनएसी, जुस्को और ट्रैफिक पुलिस के आला अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक करेंगे और जनहित से जुड़ी इन सभी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश जारी करेंगे।
