रांची: झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रदेश कार्यालय पर कथित पेट्रोल बम हमले की घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह हमला केवल आरएसएस कार्यालय पर नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद पर हमला है।रघुवर दास ने अपने बयान में कहा, “यह हमला केवल आरएसएस के कार्यालय पर हुआ हमला ही नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रवाद पर हमला है। इस हमले में जान-माल की बड़ी क्षति हो सकती थी, लेकिन बम के नहीं फटने से बड़ी दुर्घटना टल गई। इस घटना से आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है।”
दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार से घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार से मांग करता हूं कि दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए और मामले की निष्पक्ष जांच हो।”रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस प्रदेश कार्यालय पर हुए कथित पेट्रोल बम हमले के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
