चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले की जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए छोटा महुलडिहा गांव के 20 वर्षीय युवक मुकेश बारजो की हत्या के मामले का सफल उद्वेदन (खुलासा) कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी 35 वर्षीय फंटूस लागुरी को गिरफ्तार कर लिया है। आपसी विवाद और पुरानी रंजिश के कारण इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया था।
जंगल के नाले से बरामद हुआ था शव
इस पूरे सनसनीखेज मामले की शुरुआत 15 जून को हुई थी। 15 जून को जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के काटेपाड़ा जंगल में एक नाले के पास ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवक का शव देखा। इसकी सूचना स्थानीय ग्रामीण मुंडा द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया, जिसके बाद उसकी पहचान छोटा महुलडिहा गांव के मुकेश बारजो (20 वर्ष) के रूप में हुई। 16 जून को मृतक की पत्नी बुधनी बारजो की शिकायत पर जगन्नाथपुर थाने में हत्या की प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई।
आपसी विवाद और ‘जान से मारने की धमकी’ बनी वजह
मामले की जांच और खुलासे को लेकर चाईबासा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया “मृतक मुकेश बारजो की पत्नी बुधनी बारजो और परिजनों से जब पूछताछ की गई, तो एक अहम सुराग हाथ लगा। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही गांव के ही रहने वाले फंटूस लागुरी के घर पर आपसी विवाद को लेकर मुकेश का गंभीर झगड़ा हुआ था। उस वक्त फंटूस लागुरी ने मुकेश बारजो को सार्वजनिक रूप से जान से मार देने की सीधे तौर पर धमकी दी थी।”
एसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम, तकनीकी शाखा की मदद से दबोचा गया आरोपी
मामले की संवेदनशीलता और रंजिश को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफाएल मुर्मु के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।पुलिस टीम ने आधुनिक रुख अपनाते हुए जिला पुलिस की तकनीकी शाखा की मदद ली। मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार (16 जून) को ही आरोपी फंटूस लागुरी को चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
इलाके में पुलिसिया कार्रवाई की सराहना
युवक की हत्या के बाद से छोटा महुलडिहा और जगन्नाथपुर इलाके में तनाव और शोक का माहौल था। लेकिन चाईबासा पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिए जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जगन्नाथपुर पुलिस और छापेमारी दल की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों या किसी अन्य सहयोगी की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।
