जमशेदपुर: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नेचुरल स्माइल फाउंडेशन की ओर से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
योग, प्राणायाम और ध्यान का कराया गया अभ्यास
योग शिविर के दौरान प्रशिक्षकों ने बच्चों एवं अभिभावकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही योग से होने वाले शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया और नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
योग स्वस्थ और अनुशासित जीवन की आधारशिला : राज गुप्ता
नेचुरल स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक राज गुप्ता ने कहा कि संस्था ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष रूप से बच्चों को योग का प्रशिक्षण दे रही है, ताकि वे स्वस्थ, अनुशासित और तनावमुक्त जीवन जी सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुका है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
राज गुप्ता ने बताया कि आने वाले दिनों में भी फाउंडेशन की ओर से विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे योग शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों और लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सके।
