जमशेदपुर: मानगो स्थित भारत पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी की कथित मिलावट को लेकर विवाद लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। शनिवार देर शाम ग्राहकों और पेट्रोल पंप प्रबंधन के बीच हुए विवाद के बाद रविवार को एक बार फिर बड़ी संख्या में प्रभावित वाहन मालिक पंप पर पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर कर्मचारियों से बहस की।
पेट्रोल भरवाने के बाद वाहन बंद होने की शिकायत
वाहन चालकों का आरोप है कि पेट्रोल भरवाने के कुछ ही समय बाद उनकी गाड़ियां बीच रास्ते में बंद हो गईं और इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। उनका दावा है कि पेट्रोल में पानी की मिलावट के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
पेट्रोल के पैसे और मरम्मत खर्च की मांग
नाराज वाहन मालिकों ने पेट्रोल भराने में खर्च हुई राशि वापस करने के साथ-साथ खराब हुए वाहनों की मरम्मत का पूरा खर्च भी पेट्रोल पंप प्रबंधन से दिलाने की मांग की। रविवार को कई प्रभावित लोग अपनी शिकायत लेकर पंप पहुंचे और प्रबंधन से जवाब मांगा।
मुआवजे की मांग पर अड़े वाहन मालिक
इस दौरान वाहन मालिकों और पेट्रोल पंप कर्मचारियों के बीच काफी देर तक बहस होती रही। प्रभावित लोगों का कहना है कि जब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया जाता, तब तक वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे।फिलहाल मामले को लेकर पेट्रोल पंप प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि जांच में पेट्रोल की गुणवत्ता को लेकर कोई तथ्य सामने आते हैं, तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
