चाकुलिया में दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर, दोनों वाहनों में लगी भीषण आग; दो चालक घायल

चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चाकुलिया-माटिहाना मुख्य सड़क पर दीघी स्थित एसजी एग्रो फूड प्रोडक्ट्स राइस मिल के समीप दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दूर-दूर तक धुएं व आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं।

सुबह करीब 5 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे एक ट्रेलर ओडिशा के क्योंझर से लौह अयस्क लेकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रेलर पश्चिम बंगाल के आसनसोल से फायर ब्रिक्स लोड कर ओडिशा के अंगुल की ओर जा रहा था। दीघी स्थित राइस मिल के पास दोनों ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।

राइस मिल प्रबंधन ने दिखाई तत्परता

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं एसजी एग्रो फूड प्रोडक्ट्स के संचालक अविनाश सुरेका और उनके कर्मचारियों ने तत्काल पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। उनकी त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने में काफी मदद मिली।

दमकल ने पाया आग पर काबू

सूचना मिलने पर चाकुलिया थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद बहरागोड़ा से दमकल वाहन बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों ट्रेलरों में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

दोनों चालक घायल, अस्पताल में भर्ती

हादसे में एक ट्रेलर के चालक करमचंद तथा दूसरे ट्रेलर के चालक लालू यादव घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

More From Author

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जे.पी. स्कूल ट्रस्ट ने आयोजित किया भव्य योग शिविर, सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास

मानगो के भारत पेट्रोल पंप पर दूसरे दिन भी हंगामा, पेट्रोल में पानी की मिलावट का आरोप; वाहन मालिकों ने मांगा मुआवजा