जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सत्यम संजीवन ट्रस्ट के बैनर तले रविवार को टेल्को स्थित मिलेनियम पार्क में वरिष्ठ नागरिकों के साथ विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योगाभ्यास के साथ-साथ समाज में बदलते परिवेश, सामाजिक मूल्यों और वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका जैसे विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श भी किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत ट्रस्ट के सदस्यों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के माथे पर चंदन का तिलक लगाकर उनका सम्मान करने और उनका आशीर्वाद लेने के साथ हुई। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने योग के महत्व और नियमित अभ्यास से होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में अपने अनुभव भी साझा किए।
वरिष्ठ नागरिकों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट की ओर से उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों का नाश्ता एवं लस्सी के साथ स्वागत और सम्मान किया गया। साथ ही समाज सेवा के कार्यों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर वरिष्ठ नागरिकों से सुझाव भी लिए गए।
नियमित योग अपनाने का दिया संदेश
कार्यक्रम के समापन पर ट्रस्ट की अध्यक्ष कंचन सिंह ने कहा कि योग केवल एक दिन मनाने का विषय नहीं है, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग करने का आह्वान करते हुए कहा, “रोज करें योग, रहें निरोग।”
ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष कंचन सिंह, आशा सिंह, अंजू देवी, सोनी जी, ओम प्रकाश अग्रवाल, शंभू जी, दिनेश त्रिपाठी, डॉ. मुकेश, सुमित सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
