कांदरबेड़ा केजीएन मेडिकल रंगदारी कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने देशी पिस्टल भी की बरामद

सरायकेला-खरसावां: चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा स्थित केजीएन मेडिकल दुकान में रंगदारी मांगने, मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी सारिक साह उर्फ छोटू उर्फ छोटा (26) को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है।

5 अप्रैल 2025 को हुई थी वारदात

पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2025 की रात करीब 9:50 बजे कुछ अपराधी कांदरबेड़ा स्थित केजीएन मेडिकल दुकान पहुंचे थे। आरोपियों ने दुकान संचालक के भाई एवं मेडिकल सहायक साकिब परवेज से रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, दुकान में तोड़फोड़ की गई और जाते समय उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।घटना के बाद चांडिल थाना में कांड संख्या 57/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

वैज्ञानिक जांच से मुख्य आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान इस कांड में शामिल पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी सारिक साह लगातार फरार चल रहा था।

मानगो के किराये के मकान से हुई गिरफ्तारी

गुप्त सूचना मिलने पर सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो स्थित रोड नंबर-7 के एक किराये के मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी सारिक साह को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

More From Author

भालूबासा विस्थापित दुकानदारों को मिली नई उम्मीद, विधायक पूर्णिमा साहू की पहल से तेज हुई दुकान आवंटन प्रक्रिया

एडीएल स्कूल भर्ती व फंड अनियमितता मामले में फिर सख्त हुआ सीएम कार्यालय, स्कूल प्रबंधन को एक सप्ताह की अंतिम मोहलत