जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर स्थित महावीर कॉलोनी रोड नंबर-15 में सोमवार शाम दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की इस घटना में एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। इनमें पति-पत्नी और उनका नाबालिग पुत्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि परिवार की दो बेटियों को भी चोटें आई हैं।घायलों की पहचान महावीर कॉलोनी निवासी उमेश कुमार वर्मा (46), उषा देवी (40), गोपाल कुमार वर्मा (14), गुनगुन (16) और गौरी कुमारी (14) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल उमेश वर्मा, उनकी पत्नी और पुत्र का इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया।
सड़क पर पानी बहाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित परिवार के अनुसार, सोमवार को सड़क पर गंदा पानी बहाने और कथित अतिक्रमण को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर मारपीट की नौबत आ गई, जिसमें परिवार के पांच लोग घायल हो गए।
पड़ोसी परिवार पर गंभीर आरोप
उमेश कुमार वर्मा ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी प्रेमनाथ साह, मंजू देवी और आकाश साह ने मिलकर उनके परिवार पर हमला किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।पीड़ित का यह भी आरोप है कि पड़ोसी परिवार कथित रूप से गांजा बेचने का अवैध कारोबार करता है, जिसके कारण देर रात नशा खरीदने आने वाले लोग अक्सर उनके घर का दरवाजा खटखटाते थे। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार आपत्ति जताई गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके अलावा उन्होंने सड़क पर कथित अवैध पार्किंग और अतिक्रमण का भी आरोप लगाया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों की सूचना पर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। वहीं, दूसरे पक्ष का पक्ष भी सामने नहीं आ सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
