जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 स्थित सिब्तैन मस्जिद के समीप 1 जून को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम की पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया है।
सिटी एसपी ने दी कार्रवाई की जानकारी
जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि फायरिंग की घटना में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब और तनवीर उर्फ समीर शामिल थे। घटना के बाद आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।
पहले एक आरोपी हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के क्रम में 13 जून को तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। इसके बाद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
कई राज्यों में हुई छापेमारी, फिर मुख्य आरोपी ने किया सरेंडर
पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न जिलों में छापेमारी की गई। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी (24 वर्ष), निवासी रहमतनगर, कपाली, ने 22 जून को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।इसके बाद पुलिस ने उसे 48 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना में प्रयुक्त हथियार के बारे में जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मुबारक अंसारी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण उद्भेदन कर लिया जाएगा।
