केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने बाबा बैद्यनाथ धाम में की पूजा-अर्चना, देश की सुख-समृद्धि की कामना

देवघर: केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) गुरुवार रात देवघर पहुंचे। एक निजी होटल में रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह उन्होंने बैद्यनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और बाबा बैद्यनाथ के ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक किया।

सुरक्षा के बीच मंदिर पहुंचे केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री के आगमन को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका संकल्प कराया, जिसके बाद उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश कर पूजा-अर्चना संपन्न की।

देश में शांति और समृद्धि की मांगी कामना

पूजा के बाद केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से देश और प्रदेश में शांति, समृद्धि एवं खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों का जीवन सुखमय हो और देश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े।

विकसित भारत-2047 के संकल्प की सफलता की प्रार्थना

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को सफल बनाने की भी कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि देश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

बाबा बासुकीनाथ के लिए हुए रवाना

बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक के बाद केंद्रीय मंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बासुकीनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गए, जहां वे भगवान बासुकीनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।

More From Author

जमशेदपुर : हलुदबानी के अभिनाश तालाब में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

जमशेदपुर फायरिंग केस: मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी की निशानदेही पर पिस्तौल और कारतूस बरामद