जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और पूरी तरह से शांतिपूर्ण माहौल के बीच मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न हिस्सों में पारंपरिक अखाड़ों द्वारा धार्मिक और पारंपरिक आयोजन किए जा रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होकर मोहर्रम की रस्में अदा कर रहे हैं। इस दौरान अलग-अलग अखाड़ों में युवाओं ने लाठी-डंडे और पारंपरिक हथियारों से हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
आज़ादनगर में सिटी एसपी ललित मीणा का हुआ भव्य स्वागत
मोहर्रम के इस पवित्र मौके पर मानगो के आज़ादनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न अखाड़ों में कौमी एकता का अनूठा नजारा दिखा। यहाँ अखाड़ा समिति की ओर से शहर के सिटी एसपी ललित मीणा सहित क्षेत्र में गश्त कर रहे अन्य वरीय पुलिस अधिकारियों का पारंपरिक तरीके से (शॉल और पगड़ी पहनाकर) भव्य सम्मान किया गया। समिति के सदस्यों ने मानगो और आज़ादनगर इलाके में शांति समिति की बैठकों और मोहर्रम के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की सक्रिय व सकारात्मक भूमिका की मुक्त कंठ से सराहना की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 1800 से अधिक जवान और 44 मजिस्ट्रेट मुस्तैद
त्योहार के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और जमशेदपुर पुलिस ने सुरक्षा का अभेद्य किला तैयार किया है। सिटी एसपी ललित मीणा खुद लगातार भारी पुलिस बल और क्विक रिस्पांस टीम के साथ मानगो, साकची, जुगसलाई, और धतकीडीह जैसे शहर के तमाम संवेदनशील इलाकों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं।सिटी एसपी ने बताया कि पूरे जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए 1800 से अधिक अतिरिक्त पुलिस जवानों और 44 दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट्स) की तैनाती विभिन्न रणनीतिक पॉइंट और अखाड़ा मार्गों पर की गई है। इसके साथ ही सादे लिबास में भी विशेष शाखा के जवान तैनात हैं।
अफवाहों से बचें, जमशेदपुर की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखें: सिटी एसपी
सिटी एसपी ललित मीणा ने तमाम शहरवासियों से शांति, आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की भावुक अपील की। उन्होंने मीडिया के माध्यम से कहा “जमशेदपुर का इतिहास हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और बेमिसाल आपसी भाईचारे का रहा है। लोग पूरी अकीदत और शांति के साथ पर्व की रस्में पूरी करें। सोशल मीडिया या किसी भी माध्यम से फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें। यदि किसी को भी कोई संदिग्ध वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना मिलती है, तो वे तुरंत स्थानीय पुलिस या कंट्रोल रूम को सूचित करें।”
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया की भी मॉनिटरिंग की जा रही है और भड़काऊ पोस्ट डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन को पूरा विश्वास है कि आम नागरिकों और शांति समिति के सहयोग से मोहर्रम का पर्व पूरी तरह से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।
