मनोहरपुर में खेत से मिले संदिग्ध विस्फोटक को सेना ने किया निष्क्रिय, बड़ा हादसा टला

मनोहरपुर (चाईबासा): पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र स्थित सोनपोखरी गांव में खेत से बरामद संदिग्ध विस्फोटक को शुक्रवार को भारतीय सेना की 23 इन्फेंट्री डिवीजन की बम निरोधक टीम ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया। इस कार्रवाई के साथ ही कई दिनों से इलाके में बना भय और अनिश्चितता का माहौल समाप्त हो गया।

कर्नल धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में चला ऑपरेशन

भारतीय सेना की बम निरोधक टीम ने कर्नल धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में दोपहर करीब एक बजे ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। हालांकि अचानक तेज बारिश और वज्रपात शुरू होने के कारण सुरक्षा कारणों से ऑपरेशन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।मौसम सामान्य होने के बाद शाम में टीम ने दोबारा अभियान शुरू किया और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तकनीकी प्रक्रिया पूरी की।

नियंत्रित विस्फोट से निष्क्रिय किया गया संदिग्ध बम

विशेषज्ञों ने करीब 150 मीटर की सुरक्षित दूरी से बैटरी की सहायता से नियंत्रित विस्फोट किया। तेज धमाके के साथ संदिग्ध विस्फोटक पूरी तरह निष्क्रिय हो गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

प्रशासन और सुरक्षा बल रहे पूरी तरह मुस्तैद

पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। मौके पर मनोहरपुर के अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार, एएसपी अभियान राहुल देव बड़ाईक, डीएसपी डेविड ए. डोडराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का, सीआरपीएफ के अधिकारी शंभू नाथ यादव सहित भारतीय सेना, सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के कई अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

मंगलवार को खेत में मिला था संदिग्ध विस्फोटक

गौरतलब है कि मंगलवार को सोनपोखरी गांव के एक खेत में संदिग्ध विस्फोटक मिलने के बाद पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था। सेना की विशेषज्ञ टीम के पहुंचने तक पुलिस और सीआरपीएफ ने इलाके की लगातार निगरानी की।सफल ऑपरेशन के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।

More From Author

जमशेदपुर में भाईचारे के साथ मनाया जा रहा मोहर्रम; सुरक्षा में 1800 जवान और 44 मजिस्ट्रेट तैनात, सिटी एसपी ललित मीणा ने किया निरीक्षण

राम मंदिर चंदा अनियमितता के आरोपों पर जेएचआरसी की सीबीआई जांच की मांग, मनोज मिश्रा ने उठाए सवाल