
जमशेदपुर। जमशेदपुर के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग ₹326 करोड़ की लागत से दक्षिण पूर्व रेलवे अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का आज सांसद श्री विद्युत वरण महतो ने भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद टाटानगर स्टेशन का विकास एयरपोर्ट की तर्ज पर किया जाएगा।
टाटानगर स्टेशन का होगा कायाकल्प
सांसद विद्युत वरण महतो ने बताया कि यह परियोजना टाटानगर स्टेशन को विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं से लैस करेगी। पुनर्विकास के बाद स्टेशन पर निम्नलिखित प्रमुख बदलाव और सुविधाएं होंगी:
विस्तारित क्षेत्रफल: स्टेशन का कुल क्षेत्रफल विस्तारित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को अधिक जगह मिल सकेगी। प्लेटफॉर्म में बढ़ोत्तरी:यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्मों की संख्या बढ़ाई जाएगी।आधुनिक सुविधाएं:स्टेशन में उन्नत प्रतीक्षालय, बेहतर टिकटिंग प्रणाली और आधुनिक डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड जैसी यात्री सुविधाएं शामिल होंगी।आधुनिक अग्रभाग:नए स्टेशन भवन में झारखंड की स्थानीय संस्कृति और जनजातीय विरासत को दर्शाने वाला एक भव्य और आधुनिक अग्रभाग होगा।आसान आवाजाही: बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर और रैंप की सुविधा उपलब्ध होगी।हाई-सिक्योरिटी स्टेशन:यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, स्टेशन को हाई-सिक्योरिटी स्टेशनों में शामिल किया जाएगा।सुरक्षा व्यवस्था: स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक एआई-आधारित कैमरे और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
रेलवे और भाजपा के पदाधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे मंडल के जीएम अनिल मिश्रा, डीआरएम, क्षेत्रीय प्रबंधक समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।राजनीतिक जगत से भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु ओझा, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, भाजपा मुख्यालय प्रभारी सुबोध झा, और भाजपा मंडल अध्यक्ष क्रमशः सूरज कुमार बर्मा, आनंद कुमार, अमित मिश्रा, रामप्रसाद, अनिल सिंह, अभय चौबे, विमलेश, उपाध्यक्ष विनोद कुमार, संजय कुमार, दीपक तिवारी, केशव कुमार तथा अन्य भाजपा के पदाधिकारी भारी संख्या में मौजूद थे। इस परियोजना को लेकर शहरवासियों में भारी उत्साह है।
