पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य सड़क पर सोमवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से एक घंटी आधारित शिक्षिका गंभीर रूप से घायल हो गईं। निश्चितपुर स्कूल के समीप हुई यह दुर्घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्कूल जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, निश्चितपुर निवासी 23 वर्षीय बंदना महतो एसएस प्लस-2 हाई स्कूल, सोनुआ में पढ़ाने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राथमिक उपचार के बाद चाईबासा सदर अस्पताल किया गया रेफर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से बंदना महतो को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनुआ पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज बना अहम साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल शिक्षिका का हालचाल लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके आधार पर दुर्घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
