जमशेदपुर: करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। बढ़ते अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और थानों में पुलिस बल की कमी को दूर करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने यातायात शाखा (ट्रैफिक) में तैनात बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया है। इसके साथ ही शहर के सभी ट्रैफिक थानों से पांच-पांच सिपाहियों को विभिन्न थानों में प्रतिनियुक्त किया गया है, ताकि गश्त, अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
ट्रैफिक शाखा से थानों और सीसीआर में भेजे गए अधिकारी
पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई, गोलमुरी और मानगो ट्रैफिक थानों में तैनात अवर निरीक्षक (पुअनि), सहायक अवर निरीक्षक (सअनि) तथा महिला सहायक अवर निरीक्षक (म.सअनि) को शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न थानों, सीसीआर (कंट्रोल रूम) और पुलिस केंद्र, गोलमुरी में पदस्थापित किया गया है।सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
बढ़ते अपराध के बीच लिया गया फैसला
सूत्रों के अनुसार हाल के दिनों में शहर में हत्या, लूट, छिनतई, फायरिंग और रंगदारी जैसी घटनाओं में वृद्धि हुई है। हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे थे। ऐसे में पुलिस ने ट्रैफिक शाखा में तैनात अनुभवी अधिकारियों और जवानों को सीधे थानों में भेजने का निर्णय लिया है।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस फेरबदल से रात की गश्त और मजबूत होगी।संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी।अपराधियों की धरपकड़ में तेजी आएगी।आपराधिक घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
प्रमुख तबादले
प्रमुख स्थानांतरण इस प्रकार हैं—
पुअनि कामाख्या पासवान – ट्रैफिक थाना साकची से टेल्को थाना
पुअनि रमेश कुमार पाण्डेय – ट्रैफिक थाना साकची से कागलपुर थाना
पुअनि अरविन्द राय – ट्रैफिक थाना बिष्टुपुर से घाटशिला थाना
पुअनि चेंगो राम पिंगुआ – ट्रैफिक थाना जुगसलाई से सुंदरनगर थाना
पुअनि बाबूराम सिंह – ट्रैफिक थाना जुगसलाई से पुलिस केंद्र, गोलमुरी
इसके अलावा बड़ी संख्या में सहायक अवर निरीक्षकों (सअनि) को साकची, बिष्टुपुर, गोविंदपुर, आजादनगर, बर्मामाइंस, गोलमुरी, जुगसलाई, घाटशिला, पटमदा, मुसाबनी, डुमरिया, कमलपुर, पोटका, कोवाली, श्यामसुंदरपुर, गुड़ाबांदा तथा सीसीआर, साकची में पदस्थापित किया गया है।
तत्काल योगदान का निर्देश
आदेश में परिचारी प्रवर-प्रथम, पुलिस केंद्र गोलमुरी को निर्देश दिया गया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारियों का नए पदस्थापन स्थल पर तत्काल योगदान सुनिश्चित कर अनुपालन प्रतिवेदन पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराया जाए।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह व्यापक प्रशासनिक फेरबदल शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
