गिरिडीह: जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरकटवा नाला से बरामद नवविवाहिता के सड़े-गले शव मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
विशेष जांच दल ने की त्वरित कार्रवाई
सोमवार को डुमरी एसडीपीओ कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया गया कि 5 जुलाई को हरकटवा नाला से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। इस संबंध में पीरटांड़ थाना कांड संख्या 23/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डुमरी आबीद खान के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया।
चरित्र पर संदेह के चलते की हत्या
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मुनालाल किस्कू (19 वर्ष), पिता गोराचंद किस्कू, निवासी धावाटांड़ टोला-हरकटवा, थाना पीरटांड़, जिला गिरिडीह को गिरफ्तार किया।पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसका विवाह 9 मार्च 2026 को प्रेम प्रसंग के बाद हुआ था। विवाह के बाद से उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। घटना के दिन पत्नी के मोबाइल पर एक अन्य युवक का फोन आने से वह गुस्से में आ गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
शव को नाले में फेंककर घास से ढंका
हत्या के बाद आरोपी ने शव को हरकटवा नाला में फेंक दिया और पहचान छिपाने के लिए उसके ऊपर खेत की घास डाल दी। इसके बाद वह घर लौट गया और सामान्य व्यवहार करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
पुलिस ने बरामद किए अहम साक्ष्य
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या के वास्तविक घटनास्थल की पहचान की। साथ ही पास की झाड़ियों से मृतका की गुलाबी रंग की चप्पलों की एक जोड़ी बरामद की गई। इसके अलावा आरोपी के कब्जे से ओप्पो कंपनी का क्रीम रंग का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
इस कार्रवाई में एसडीपीओ आबीद खान, पीरटांड़ थाना पुलिस एवं अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
