
जमशेदपुर:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ के तहत जमशेदपुर महानगर के पश्चिम विधानसभा स्तरीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया। बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन के मानस सभागार में आयोजित इस सम्मेलन में झारखंड भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।सम्मेलन की अध्यक्षता जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने की। इस दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, पूर्व सांसद आभा महतो समेत कई अन्य वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहे।
आत्मनिर्भर भारत पीएम मोदी के विकसित भारत का सपना
सम्मेलन का विधिवत शुभारंभ उपस्थित नेताओं द्वारा पार्टी के पितृपुरुषों के छविचित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। सम्मेलन में उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सफल बनाने का प्रण लिया। वक्ताओं ने एकमत से कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है। हाल में लागू जीएसटी सुधार, कर सरलीकरण और आयकर में ऐतिहासिक छूट ने नागरिकों को बड़ी राहत दी है और व्यापार की सुगमता को बढ़ावा मिला है।
भारत बना दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने संबोधन में ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ को पीएम मोदी के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक भारतवासी को सशक्त और स्वावलंबी बनाना है, जिसके तहत स्वदेशी उत्पाद खरीदने और बेचने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा।उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा:2014 से पहले भारत में केवल 2 मोबाइल निर्माण इकाइयाँ थीं और लगभग 92% मोबाइल फोन आयात होते थे। लेकिन ‘मेक इन इंडिया’ और पीएलआई (PLI) जैसी योजनाओं के कारण, 2024 तक देश में 200 से अधिक मोबाइल निर्माण इकाइयाँ स्थापित हो चुकी हैं। भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन गया है।साहू ने बताया कि मोबाइल निर्माण के अलावा देश ने रक्षा, सेमीकंडक्टर, दवा उद्योग और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से आत्मनिर्भरता हासिल की है।
झारखंड सरकार पर तीखा हमला: ‘सिर्फ कमीशन की चिंता’
झारखंड सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए आदित्य साहू ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश की जनता को राहत देने के लिए जीएसटी में सुधार करते हैं, तो झामुमो-कांग्रेस और राजद सरकार के नेताओं को दर्द होने लगता है।उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड की मौजूदा सरकार को न राज्य की चिंता है, न जनता की। इन्हें सिर्फ अपने स्वार्थ और कमीशन की चिंता सताती है।नरेन्द्र मोदी सरकार के हर जनकल्याणकारी निर्णय का विरोध करना इनकी आदत बन चुकी है।साहू ने आगामी दीपावली और छठ पूजा के समय सभी नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद खरीदने और दुकानदारों से स्वदेशी उत्पाद बेचने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
अन्य नेताओं ने ‘वोकल फॉर लोकल’ पर दिया जोर
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि पीएम मोदी का आह्वान देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उन्होंने जीएसटी दरों में कमी को आम जनता के लिए केंद्र सरकार का बड़ा तोहफा बताया और ‘वोकल फॉर लोकल’अपनाने का आह्वान किया।विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब हर नागरिक स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाएगा।सम्मेलन में स्वागत संबोधन महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने किया, मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया, और स्वदेशी शपथ पत्र का वाचन जिला महामंत्री अनिल मोदी ने किया।
