जमशेदपुर के परसुडीह में नाले किनारे मिला नरकंकाल, फॉरेंसिक जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सोपोडेरा स्थित शांतिनगर इलाके में सोमवार सुबह एक नरकंकाल मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुनसान स्थान पर नाले के किनारे मिट्टी में दबा कंकाल मिलने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और नरकंकाल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों की नजर पड़ी मिट्टी में दबी हड्डियों पर

स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण नाले के किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर मिट्टी में दबी संदिग्ध हड्डियों पर पड़ी। पास जाकर देखने पर यह इंसानी कंकाल प्रतीत हुआ, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

शव पूरी तरह सड़-गल चुका, पहचान नहीं हो सकी

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नरकंकाल को सुरक्षित बरामद कर लिया।उन्होंने बताया कि शव पूरी तरह सड़-गल चुका है और केवल हड्डियां बची हैं। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कंकाल किसी पुरुष का है या महिला का। साथ ही यह भी पता नहीं चल सका है कि मौत कितने समय पहले हुई थी।

गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि नरकंकाल की पहचान की जा सके। घटनास्थल से भी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।

फॉरेंसिक जांच के बाद होगा खुलासा

पुलिस ने बताया कि नरकंकाल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृतक की पहचान, मौत का कारण और घटना के समय को लेकर कोई ठोस निष्कर्ष सामने आ सकेगा।फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

More From Author

आदित्यपुर: शिवनारायणपुर मैदान में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, युवक की मौत

आदित्यपुर में युवक पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी पिंटू प्रधान गिरफ्तार