सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवनारायणपुर मैदान में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गौतम मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
धारदार हथियार और पत्थरों से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।आरोप है कि इसी दौरान गौतम मुंडा पर धारदार हथियार और पत्थरों से सिर पर ताबड़तोड़ हमला किया गया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
टीएमएच ले जाते समय हुई मौत
स्थानीय लोगों ने घायल गौतम मुंडा को तत्काल गंगोत्री नर्सिंग होम पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे टाटा मुख्य अस्पताल रेफर कर दिया।हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस जुटी जांच में, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी जारी है।
इलाके में बढ़ाई गई पुलिस निगरानी
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।घटना के बाद शिवनारायणपुर और आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
