जमशेदपुर के तुलसी भवन में तीन दिवसीय राखी मेले का शुभारंभ, विधायक पूर्णिमा साहू ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर के तुलसी भवन में मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी सुरभि शाखा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राखी मेले का भव्य शुभारंभ मंगलवार को हुआ। मेले का उद्घाटन जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।उद्घाटन के अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय महिला उद्यमियों और छोटे व्यवसायियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन का बेहतर मंच भी प्रदान करते हैं।

रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए एक ही स्थान पर कई विकल्प

मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी सुरभि शाखा की अध्यक्ष पायल अग्रवाल ने बताया कि यह मेला लगातार तीन दिनों तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए मेले में आकर्षक एवं पारंपरिक राखियां,गिफ्ट आइटम,सजावटी सामग्री,लड्डू गोपाल की सुंदर पोशाकें,पूजा सामग्री,गृह सज्जा के उत्पाद,तथा अन्य उपयोगी वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।

महिला उद्यमियों को मिला कारोबार बढ़ाने का अवसर

पायल अग्रवाल ने बताया कि मेले में शहर के विभिन्न विक्रेताओं और विशेष रूप से महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया है।इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, स्थानीय व्यवसाय को बढ़ावा देने और उनके उत्पादों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

पहले दिन उमड़ी खरीदारों की भीड़

राखी मेले के उद्घाटन के पहले ही दिन बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और परिवारों ने मेले का भ्रमण कर खरीदारी की।रंग-बिरंगी राखियां, आकर्षक उपहार और पारंपरिक सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।

शहरवासियों से खरीदारी की अपील

आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे तीन दिवसीय राखी मेले में पहुंचकर रक्षाबंधन की खरीदारी करें और स्थानीय उद्यमियों तथा महिला व्यवसायियों का उत्साहवर्धन करें।

More From Author

जमशेदपुर: हिमांशु हत्याकांड के अंतिम फरार आरोपी राघवेंद्र ने किया सरेंडर, पुलिस जल्द करेगी खुलासा

जमशेदपुर: साइबर ठगी जांच में सीबीआई गलत पते पर पहुंची, दस्तावेज देखने के बाद वापिस लौटी टीम